महराजगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र में एक विवाहिता की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, धोखाधड़ी, धमकी और अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि विवाह के समय लाखों रुपये खर्च करने और दहेज देने के बावजूद उसे लगातार प्रताड़ित किया गया।
धनेवा धनेई स्थित सक्सेना नगर में रह रही अर्चना मूल निवासी जहदा टोला, थाना कोठीभार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका विवाह 7 मई 2023 को सिद्धार्थनगर जिले के विजय प्रताप लाल के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। उनका आरोप है कि विवाह में उनके परिवार ने करीब 40 से 41 लाख रुपये खर्च किए। साथ ही चार पहिया वाहन के लिए 10 लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण और अन्य घरेलू सामान भी दहेज में दिया गया।
पीड़िता का कहना है कि विवाह के करीब पांच महीने बाद पति ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी। पूछने पर पति ने बताया कि उसका पहले से लखनऊ निवासी एक महिला से संबंध है और वह उसके साथ संपर्क में है। महिला का आरोप है कि इस तथ्य की जानकारी पति के परिजनों को पहले से थी, लेकिन इसे छिपाकर विवाह कराया गया।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि इसके बाद पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य कम दहेज लाने का ताना देकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। कई बार दोनों पक्षों के बीच पंचायत भी हुई, लेकिन अतिरिक्त दहेज की मांग समाप्त नहीं हुई।
अर्चना ने आरोप लगाया कि एक जून 2026 की सुबह आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की और उसका स्त्रीधन भी छीन लिया। अगले दिन मायके पक्ष के लोग पहुंचे और समझौते का प्रयास किया लेकिन ससुराल पक्ष ने अतिरिक्त दहेज के बिना उसे घर में रखने से इंकार कर दिया।
वहीं इस बाबत सदर कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति विजय प्रताप लाल, जीजा राधेश्याम, दीदी पूर्णिमा, ननद विन्दवासिनी, ननदोई रविन्दर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।