महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर खाद की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोल्हुई पुलिस ने 10 बोरी भारतीय यूरिया खाद और एक पुरानी लावारिस साइकिल बरामद करने का दावा किया है। बरामद सामान को कस्टम अधिनियम की धारा 113 के तहत अग्रिम कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय नौतनवा भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार 6 अगस्त 2026 को उपनिरीक्षक पंकज सिंह, कांस्टेबल आशुतोष कुमार और कांस्टेबल शैलेश सिंह की टीम ने गश्त के दौरान लावारिस अवस्था में 10 बोरी यूरिया खाद और एक पुरानी साइकिल बरामद की। इसके बाद बरामद माल को थाना कोल्हुई लाकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की गई।
हालांकि इस बरामदगी को लेकर कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति में यह नहीं बताया गया है कि बरामदगी आखिर किस स्थान से हुई। इसके अलावा सबसे बड़ा सवाल यह है कि एक पुरानी साइकिल के साथ 10 बोरी यूरिया खाद कैसे लाई जा रही थी, जबकि एक साइकिल पर इतनी मात्रा में खाद ले जाना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं माना जाता।
प्रेस विज्ञप्ति में यह भी उल्लेख नहीं है कि खाद किसी वाहन से बरामद हुई, सड़क किनारे लावारिस पड़ी मिली या तस्करों द्वारा छोड़कर भाग जाने के बाद बरामद की गई। बरामदगी स्थल और पूरी घटना का विवरण न होने से पूरे मामले को लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
पुलिस का कहना है कि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में खाद की अवैध तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। वहीं अब लोगों की नजर इस बात पर है कि क्या पुलिस इस बरामदगी से जुड़े अनुत्तरित सवालों का भी जवाब देगी।
मुबारक अली (Mubarak Ali) 'आपन महराजगंज' में तहसील संवाददाता (फरेंदा) के रूप में कार्यरत हैं। यह फरेंदा तहसील क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को प्रमुखता से कवर करते हैं।