महराजगंज। नौतनवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में संविदा पर कार्यरत एक महिला डॉक्टर द्वारा अस्पताल की ओपीडी के भीतर रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने का वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हलचल मच गई है। वीडियो सामने आने के बाद विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मुख्य चिकित्साधिकारी को मामले से अवगत करा दिया गया है। उनके निर्देशानुसार कार्रवाई की जाएगी। हालांकि इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि आपन महराजगंज नहीं करता है।
बताया जा रहा है कि महिला डॉक्टर ने उसी ओपीडी कक्ष में वीडियो रिकॉर्ड किया, जहां प्रतिदिन मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई और सरकारी अस्पताल में कार्यस्थल के उपयोग को लेकर सवाल उठने लगे। इतना ही नहीं स्वास्थ्य विभाग के कार्य प्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
मामला स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदारों तक पहुंचा तो अब जांच कार्रवाई की बात की जा रही है। अस्पताल अधीक्षक डॉ. अमित राव गौतम का कहना है कि जानकारी मिलने के बाद उच्च अधिकारियों को मामले से अवगत करा दिया गया है। मामले की जांच के बाद उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।