निचलौल। विकास खंड क्षेत्र की ग्रामसभा खोनहौली में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से गांव की मुख्य सड़क नाले में तब्दील हो गई है। सड़क पर लगातार बह रहे गंदे पानी के बीच ग्रामीणों को आवाजाही करनी पड़ रही है। बरसात के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है, जिससे लोगों की मुश्किलें कई गुना बढ़ जाती हैं।
गांव के रामकिशुन और फैज़ल बताते हैं कि गांव से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी के लिए नाला तो बनाया गया लेकिन उसका अंतिम छोर बाधित होने के कारण पानी आगे से निकल नहीं पाता। नतीजा यह होता है कि रोजाना सड़क पर गंदा पानी बहता है। हल्की बारिश भी हालात को और बदतर बना देती है।
अनिल कसौधन और पंकज ने बताया कि दो साल पहले गांव के पूरब स्थित निचलौल-चिउटहा मार्ग पर लोक निर्माण विभाग द्वारा नाली निर्माण का कार्य शुरू कराया गया था लेकिन कुछ व्यवधानों के चलते लगभग 100 मीटर निर्माण के बाद उस कार्य रोक दिया गया। धूरी परियोजना के कारण जल निकासी की समस्या जस की तस बनी हुई है।
वहीं कृष्णगोपाल और हरिराम का कहना है कि सड़क किनारे नाली निर्माण की मांग कई बार ग्राम प्रधान और संबंधित अधिकारियों से की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द नाली निर्माण पूरा कर जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।