Maharajganj News : विद्यालय परिसर का ये VIDEO वायरल होने से मचा बवाल, जांच की मांग हुई तेज
07-Aug-2026
Total Views |
फ़ैयाज़ अहमद
आनंद नगर। फरेंदा क्षेत्र स्थित सेठ पूरनमल जूनियर हाई स्कूल का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में छोटे-छोटे बच्चों को एक वाहन से सामान उतारते हुए देखा जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का दौर शुरू हो गया है और सरकारी विद्यालयों में बच्चों से इस प्रकार का कार्य कराए जाने को लेकर कई सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि वायरल वीडियो सही पाया जाता है, तो विद्यालय परिसर में बच्चों से इस प्रकार का कार्य कराना गंभीर विषय है। लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
मामले की पड़ताल के लिए मीडिया टीम विद्यालय पहुंची, जहां विद्यालय के प्रबंधक विजयपथ सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन वे कार्यालय में मौजूद नहीं मिले। इस दौरान विद्यालय में मौजूद चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, जिनकी पहचान राजेश और संतोष के रूप में बताई गई, ने मीडिया कर्मियों के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया, जिससे स्थिति कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गई।
फिलहाल आपन महराजगंज वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। वहीं, इस संबंध में विद्यालय प्रबंधन अथवा बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अब लोगों की निगाहें बेसिक शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन पर हैं कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाती है या नहीं।