महराजगंज। जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने के आरोप में सोनौली पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवम पाण्डेय (27) पुत्र जनार्दन पाण्डेय, निवासी ग्राम लक्ष्मीनगर टोला तिसुरी, थाना सोनौली के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, शिवम पाण्डेय को न्यायालय के आदेश के अनुपालन में 10 जुलाई 2026 को छह माह के लिए जनपद से जिला बदर (तड़ीपार) किया गया था। आरोपी को इस आदेश की विधिवत जानकारी भी दे दी गई थी। इसके बावजूद वह चेकिंग अभियान के दौरान तड़ीपार अवधि के बीच अपने घर पर पाया गया।
जांच में जिला बदर आदेश के उल्लंघन की पुष्टि होने पर उसके खिलाफ थाना सोनौली में उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम,1970 की धारा 10 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्र,वरिष्ठ उपनिरीक्षक रामचन्द्र राय,कांस्टेबल शिवाकान्त सिंह तथा कांस्टेबल भानूप्रसाद शामिल रहे।
मुबारक अली (Mubarak Ali) 'आपन महराजगंज' में तहसील संवाददाता (फरेंदा) के रूप में कार्यरत हैं। यह फरेंदा तहसील क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को प्रमुखता से कवर करते हैं।