महराजगंज। सिसवा विकास खंड के नगरपालिका क्षेत्र में 5, 10 और 16 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए विशेष टीकाकरण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं ने परिषदीय और निजी विद्यालयों में पहुंचकर बच्चों को डीपीटी/टीडी के टीके लगाए।
3 से 7 अगस्त तक चल रहे इस अभियान का उद्देश्य अप्रैल महीने में टीकाकरण से छूटे बच्चों को प्रतिरक्षित करना है। बिशुनपुर भदेहर, बरवा विद्यापति, बरवा द्वारिका, परसा गिदही, मधवलिया, मेहदिया, बरवा शालिकराम, मंशा छापर, भरपटिया, देवीयापुर समेत कई विद्यालयों में टीकाकरण किया गया।
अभियान में एएनएम ममता यादव, सुचिता पाल, सरिता, शारदा मौर्य व आशा कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। साथ ही अभिभावकों और शिक्षकों को नियमित टीकाकरण के महत्व की जानकारी देते हुए बच्चों का समय पर टीकाकरण कराने की अपील की गई।
रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।