Maharajganj News: ठूठीबारी बस स्टैंड के पास स्कूल गेट पर दिखा विशालकाय मगरमच्छ, लोगों में मचा हड़कंप

    01-Sep-2026   
Total Views |
महराजगंज। ठूठीबारी बस स्टैंड के पास सोमवार रात उस समय लोगों में दहशत फैल गई, जब आदर्श बाल विद्या मंदिर के मुख्य गेट के समीप एक विशालकाय मगरमच्छ दिखाई दिया। रात करीब 9:30 बजे मगरमच्छ नजर आने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों और यात्रियों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

बताया जा रहा है कि विद्यालय के ठीक बगल में एक पोखरी स्थित है। आशंका जताई जा रही है कि मगरमच्छ इसी पोखरी से निकलकर स्कूल के मुख्य रास्ते तक पहुंचा होगा। रात के समय स्कूल गेट के पास मगरमच्छ दिखाई देने की खबर आसपास तेजी से फैली, जिसके बाद उसे देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी।

व्यस्त बस स्टैंड के पास मगरमच्छ पहुंचने से चिंता
ठूठीबारी बस स्टैंड क्षेत्र में शाम के बाद भी यात्रियों की आवाजाही बनी रहती है। यहां से निचलौल, महराजगंज और नौतनवा समेत विभिन्न स्थानों के लिए छोटी-बड़ी बसों का संचालन होता है। ऐसे व्यस्त क्षेत्र में मगरमच्छ के पहुंचने से लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।


स्थानीय लोगों ने प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से पकड़कर आबादी वाले क्षेत्र से दूर ले जाया जाए, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना की आशंका को रोका जा सके।



फैयाज अहमद

फैयाज अहमद ‘आपन महराजगंज’ के लिए महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र में रिपोर्टर के तौर पर कार्य करते हैं। वे स्थानीय खबरों, घटनाओं और जनसमस्याओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।