महराजगंज। सिसवा बाजार के कोठीभार थाना क्षेत्र के नहछोरी गांव में विदेश भेजने के नाम पर एक व्यक्ति से लाखों रुपये लिए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि रकम वापस मांगने पर उसके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक योगेंद्र तिवारी को सौंपी है।
पीड़ित का कहना है कि करीब एक वर्ष पहले आरोपी से उसकी मुलाकात हुई थी। आरोपी ने खुद को विदेश भेजने का काम करने वाला बताया और कई दस्तावेज दिखाते हुए हेवती चौराहे पर कार्यालय होने की जानकारी दी। आरोपी की बातों और दिखाए गए दस्तावेजों पर भरोसा कर पीड़ित ने विदेश जाने के लिए अलग-अलग तारीखों में ऑनलाइन माध्यम से कई किस्तों में भुगतान किया। शिकायत के अनुसार, सितंबर से नवंबर 2025 के बीच उससे 3.5 लाख रुपये से अधिक लिए गए।
आरोप है कि मार्च 2026 में आरोपी का कार्यालय बंद हो गया। इसके बाद फोन पर भी उससे संपर्क नहीं हो पाया। इसी बीच बेटी की शादी को लेकर परेशान पीड़ित 15 जुलाई 2026 को आरोपी के महाराष्ट्र स्थित बताए गए पते पर पहुंचा और अपनी रकम वापस करने की मांग की। वहां उसे कथित तौर पर आश्वासन दिया गया कि 10 जुलाई को घर पहुंचकर पैसे लौटा दिए जाएंगे, लेकिन रकम वापस नहीं की गई।
इसके बाद 20 जुलाई को आरोपी हेवती पहुंचा और पीड़ित को मिलने के लिए बुलाया। पीड़ित के मुताबिक, जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि उसे दोबारा फोन करने या रकम मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित का कहना है कि उस समय आरोपी के साथ कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे।
घटना के बाद पीड़ित ने स्थानीय पुलिस के साथ अधिकारियों को भी लिखित शिकायत दी। कार्रवाई नहीं होने पर उसने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। इसके बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने रुपये के लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाया है।
थाना अध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।