Maharajganj News: सिसवा बाजार में जर्जर बिजली पोलों को लेकर एमएलसी प्रतिनिधि ने उठाई आवाज, विभाग से कार्रवाई की मांग

    10-Sep-2026   
Total Views |

सिसवा बाजार,महराजगंज।
सिसवा नगर क्षेत्र में बिजली व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को लेकर एमएलसी प्रतिनिधि एवं समाजसेवी राजन विश्वकर्मा ने विद्युत विभाग का ध्यान आकर्षित कराया है। उन्होंने नगर में कई स्थानों पर जर्जर हो चुके बिजली पोलों को बदलने के साथ बार-बार हो रही बिजली ट्रिपिंग की समस्या दूर करने की मांग की है।

गुरुवार को राजन विश्वकर्मा ने निचलौल विद्युत वितरण खंड के एक्सईएन को शिकायती पत्र सौंपा। इसमें उन्होंने नगर क्षेत्र में लगे बिजली पोलों की स्थिति की जांच कराने की मांग की। उनका कहना है कि कई जगह सड़क किनारे लगे पोल लंबे समय से खराब स्थिति में हैं। तेज हवा या बारिश के दौरान इनके गिरने की आशंका बनी रहती है, जिससे जनहानि का खतरा हो सकता है।

कई इलाकों में खराब हैं बिजली पोल
राजन विश्वकर्मा ने शिकायती पत्र में बताया कि नगरपालिका क्षेत्र के बीजापार, स्टेट चौक, बाईपास, अहीरौली समेत अन्य स्थानों पर बिजली पोलों की स्थिति ठीक नहीं है। कुछ पोल टूटे हुए हैं तो कुछ कमजोर अवस्था में खड़े हैं। इन स्थानों से रोजाना बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है।

उन्होंने विद्युत विभाग से नगर क्षेत्र में लगे ऐसे सभी पोलों का स्थलीय निरीक्षण कराने की मांग की। साथ ही अधिक जोखिम वाले स्थानों पर प्राथमिकता के आधार पर पोल की मरम्मत या उन्हें बदलने की कार्रवाई करने की अपील की।

बार-बार ट्रिपिंग से उपभोक्ता परेशान
एमएलसी प्रतिनिधि ने नगर में लगातार हो रही बिजली ट्रिपिंग की समस्या भी उठाई। उन्होंने कहा कि बार-बार बिजली आने-जाने से उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है। ऐसे में जर्जर पोलों की जांच के साथ विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की भी समीक्षा कर जरूरी सुधार कराया जाना चाहिए।

राजन विश्वकर्मा ने विभाग से जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की, ताकि संभावित दुर्घटना को समय रहते रोका जा सके।



रजाउल अंसारी

रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।