महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र में नहर में छलांग लगाने वाली एक महिला की जान बचाने वाले दो बहादुर छात्रों को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। दोनों छात्रों ने पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही अपनी जान की परवाह किए बिना महिला को नहर के तेज बहाव से सुरक्षित बाहर निकाल लिया था।
पुलिस के अनुसार, निचलौल थाना क्षेत्र में एक महिला के नहर में छलांग लगाने की सूचना मिली थी। जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस टीम के पहुंचने से पहले वहां मौजूद कृष्णा गुप्ता और सद्दाम हुसैन ने साहस दिखाते हुए महिला को बचाने के लिए नहर में उतर गए।
कृष्णा गुप्ता ग्राम सेखुई, थाना चौक के निवासी हैं, जबकि सद्दाम हुसैन ग्राम कोहड़वल, थाना निचलौल के रहने वाले हैं। दोनों छात्र मसीह सेवाश्रम इंटर कॉलेज में कक्षा 10 में पढ़ते हैं।
जान जोखिम में डालकर बचाई महिला की जान दोनों छात्रों ने नहर के तेज बहाव के बीच महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनके इस साहसिक और मानवीय कार्य की पुलिस प्रशासन ने सराहना की।
इसी क्रम में दोनों छात्रों को पुलिस अधीक्षक कार्यालय बुलाकर प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। पुलिस अधिकारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके साहस की प्रशंसा की।
एसपी ने बताया प्रेरणादायक कदम पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने कहा कि दोनों छात्रों का यह कदम समाज के अन्य लोगों के लिए प्रेरणादायक है। संकट की घड़ी में बिना किसी स्वार्थ के दूसरों की मदद करना मानवीय संवेदना और साहस का उदाहरण है।
फैयाज अहमद ‘आपन महराजगंज’ के लिए महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र में रिपोर्टर के तौर पर कार्य करते हैं। वे स्थानीय खबरों, घटनाओं और जनसमस्याओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।