महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा से सटे ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के लक्ष्मीपुर खुर्द चौकी के पास नेपाल के भूजहवा में नेपाल पुलिस और सशस्त्र प्रहरी बल की संयुक्त टीम ने मोबाइल से जुड़े सामान से लदी एक पिकअप बरामद की है। बरामद सामान की कीमत करीब 95 लाख रुपये बताई गई है, जबकि वाहन की कीमत जोड़कर कुल बरामदगी का मूल्य 1 करोड़ 14 लाख 84 हजार रुपये आंका गया है।
कार्रवाई के दौरान पिकअप चालक वाहन को लॉक कर मौके से फरार हो गया। नेपाल पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के लिए वाहन और बरामद सामान को महेशपुर भंसार कार्यालय भेज दिया है।
पिकअप से क्या-क्या बरामद हुआ? जिला पुलिस कार्यालय के सूचना अधिकारी डीएसपी मदन थापा के अनुसार, बरामद सामान में शामिल हैं—
. 2,294 पीस मोबाइल एयरपॉड्स, कीमत 22 लाख 94 हजार रुपये . 44,300 पीस टेम्पर्ड ग्लास, कीमत 70 लाख 95 हजार रुपये . 930 मोबाइल कवर, कीमत 93 हजार रुपये . प्लास्टिक, कीमत 2 हजार रुपये
सभी सामान को लु 3 च 2939 नंबर की पिकअप में लादकर ले जाया जा रहा था। संयुक्त टीम की कार्रवाई के दौरान चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। भारतीय सीमा क्षेत्र की निगरानी पर उठे सवाल ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र से जुड़े सीमा इलाके में लगातार सामने आ रही बरामदगी के बाद भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी नेटवर्क और निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा है कि यदि इतनी बड़ी मात्रा में मोबाइल सामान भारतीय क्षेत्र से होकर नेपाल पहुंच रहा था, तो सीमा क्षेत्र में तैनात पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई।
हालांकि, भारतीय पुलिस या सुरक्षा एजेंसियों की मिलीभगत के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में इन आरोपों की जांच और आधिकारिक स्तर पर स्थिति स्पष्ट किया जाना जरूरी है।
स्थानीय सूत्रों के हवाले से सीमा क्षेत्र में प्रतिदिन कई पिकअप के माध्यम से तस्करी का सामान नेपाल भेजे जाने का दावा किया जा रहा है। इन दावों की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
मुबारक अली (Mubarak Ali) 'आपन महराजगंज' में तहसील संवाददाता (फरेंदा) के रूप में कार्यरत हैं। यह फरेंदा तहसील क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को प्रमुखता से कवर करते हैं।