महराजगंज। पुलिस संचार व्यवस्था को मजबूत करने के लिए महराजगंज पुलिस ने एक नई पहल की है। बुधवार को पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने थाना कोल्हुई परिसर में स्थापित अतिरिक्त ग्रिड (कंट्रोल रूम) संचार केंद्र का उद्घाटन किया। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी फरेन्दा मौजूद रहे।
24 घंटे संचालित होगा संचार केंद्र अतिरिक्त ग्रिड संचार केंद्र सातों दिन 24 घंटे काम करेगा। इसके माध्यम से फरेन्दा और नौतनवा सर्किल के क्षेत्राधिकारी कार्यालयों, थानों, चौकियों और फायर स्टेशन के आरटी सेट को बेहतर संचार नेटवर्क से जोड़ा जाएगा।
इस नेटवर्क के जरिए फरेन्दा, पुरन्दरपुर, बृजमनगंज, कोल्हुई, नौतनवा, सोनौली, परसामलिक और बरगदवा समेत संबंधित पुलिस चौकियों की संचार व्यवस्था में समन्वय स्थापित किया जाएगा।
सीमावर्ती क्षेत्रों में तेजी से पहुंचेगी सूचना पुलिस के मुताबिक, जिले की भौगोलिक और सीमावर्ती परिस्थितियों को देखते हुए अतिरिक्त ग्रिड से सूचना का त्वरित और निर्बाध आदान-प्रदान संभव होगा। दुर्घटना, कानून-व्यवस्था की स्थिति, आपातकाल या सीमा क्षेत्र में किसी घटना के दौरान संबंधित पुलिस टीमों तक सूचना तेजी से पहुंचाई जा सकेगी। इससे जरूरत के अनुसार पुलिस बल की तत्काल तैनाती और कार्रवाई में भी मदद मिलेगी।
अतिरिक्त ग्रिड शुरू होने से मुख्य रेडियो ग्रिड पर संचार का दबाव कम होने की उम्मीद है। साथ ही थानों, चौकियों, गश्ती वाहनों और फायर स्टेशन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सकेगा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नई संचार व्यवस्था से क्षेत्र में पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता और कानून-व्यवस्था प्रबंधन को और प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।
फैयाज अहमद ‘आपन महराजगंज’ के लिए महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र में रिपोर्टर के तौर पर कार्य करते हैं। वे स्थानीय खबरों, घटनाओं और जनसमस्याओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।