महराजगंज। कोल्हुई थाना परिसर में गुरुवार को आपसी विवाद को लेकर पहुंचे दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। दोनों पक्ष थाने में अपनी शिकायत लेकर पहुंचे थे। इसी दौरान कहासुनी के बाद मामला बढ़ गया और थाना परिसर में ही दोनों ओर से लात-घूंसे चलने लगे।
घटना के समय मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को अलग करने और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। एक दरोगा समेत अन्य पुलिसकर्मी काफी देर तक बीच-बचाव में जुटे रहे। काफी प्रयास के बाद दोनों पक्षों को अलग कर मामला शांत कराया गया।
जानकारी के अनुसार, दोनों पक्ष किसी आपसी विवाद को लेकर कोल्हुई थाने पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष एक-दूसरे से मारपीट करने लगे।
इस घटना का वीडियो किसी व्यक्ति ने मोबाइल फोन से बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में थाना परिसर के अंदर दोनों पक्षों के बीच मारपीट और पुलिसकर्मियों द्वारा बीच-बचाव करते हुए देखा जा सकता है। पांच लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई वायरल वीडियो गुरुवार का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में पांच लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की है।
थाना परिसर में हुई मारपीट की घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की गई है।
हालांकि, AAPAN MAHARAJGANJ वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।