Maharajganj News: महराजगंज में दोस्तों की पार्टी के दौरान पिस्टल से चली गोली, युवक की इलाज के दौरान मौत

    18-Sep-2026   
Total Views |

महराजगंज।
पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के मधुकरपुर महादेव गांव के समरधीरा चौराहे पर दोस्तों के बीच पार्टी के दौरान पिस्टल से अचानक गोली चलने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान गोरखपुर स्थित बीआरडी मेडिकल कॉलेज में युवक की मौत हो गई। पुलिस ने नामजद आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से 18 सितंबर को जारी सूचना के अनुसार, घटना 17 सितंबर की रात करीब 8:40 बजे समरधीरा चौराहे पर स्थित अंडे की दुकान पर हुई। यहां चार दोस्त बैठकर पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान जिसान हाशमी के पास मौजूद पिस्टल और कारतूस को सभी दोस्त हाथ में लेकर देख रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान एक युवक ने पिस्टल में कारतूस लोड कर ट्रिगर दबाया, लेकिन गोली नहीं चली। इसके बाद पिस्टल दूसरे युवक के हाथ में पहुंची। उसके ट्रिगर दबाने पर अचानक फायर हो गया। गोली सामने बैठे जिसान हाशमी के सिर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

परिजन घायल युवक को इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर लेकर पहुंचे। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के शव के पोस्टमार्टम की कार्रवाई चल रही है।

पिस्टल के लापरवाही से इस्तेमाल के दौरान हुआ हादसा
प्रारंभिक जांच में पुलिस के सामने आया है कि दोस्तों के बीच पिस्टल के साथ लापरवाहीपूर्वक किए गए प्रयोग के दौरान अचानक गोली चली। पुलिस मामले में नामजद आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

पुलिस ने बताया कि घटना में इस्तेमाल पिस्टल बरामद कर ली गई है। मामले में तहरीर प्राप्त कर उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।



फैयाज अहमद

फैयाज अहमद ‘आपन महराजगंज’ के लिए महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र में रिपोर्टर के तौर पर कार्य करते हैं। वे स्थानीय खबरों, घटनाओं और जनसमस्याओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।