Maharajganj News: निचलौल में मार्ग दुर्घटना में एक ही परिवार के पांच घायल, महिला की हालत गंभीर

    19-Sep-2026   
Total Views |

महराजगंज।
निचलौल थाना क्षेत्र के बैठवलिया ग्रामसभा स्थित पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार शाम करीब छह बजे हुए मार्ग हादसे में एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) निचलौल पहुंचाया गया।

सीएचसी में चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से घायल शांति देवी (50) पत्नी हरिलाल की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, अन्य घायलों का इलाज सीएचसी निचलौल में चल रहा है।

घायलों में ध्रुव (35) पुत्र हरिलाल, करन (10) पुत्र ध्रुव, आयुष (7) पुत्र ध्रुव और महंगा देवी (70) पत्नी शिवलाल शामिल हैं। सभी घायल निचलौल थाना क्षेत्र के ग्रामसभा डोमा के निवासी बताए जा रहे हैं।

दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सूचना के बाद पुलिस भी मामले की जानकारी जुटाने में लगी है।

दुर्घटना के कारण की जानकारी जुटा रही पुलिस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना किस तरह हुई, इसकी पूरी और स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आ सकी है। पुलिस मामले की जांच कर घटना के कारणों की जानकारी जुटा रही है।

फिलहाल शांति देवी का जिला अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है, जबकि अन्य घायलों का इलाज सीएचसी निचलौल में चल रहा है।



फैयाज अहमद

फैयाज अहमद ‘आपन महराजगंज’ के लिए महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र में रिपोर्टर के तौर पर कार्य करते हैं। वे स्थानीय खबरों, घटनाओं और जनसमस्याओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।