Maharajganj News: नाबालिग ई-रिक्शा चालकों पर पुलिस की सख्ती, 91 ई-रिक्शा सीज और 215 के चालान

    21-Sep-2026   
Total Views |

महराजगंज।
सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए महराजगंज पुलिस ने सोमवार को नाबालिग ई-रिक्शा चालकों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया।

अभियान के दौरान नाबालिगों द्वारा संचालित और बिना वैध कागजात के चल रहे 91 ई-रिक्शा सीज किए गए। इसके अलावा क्षमता से अधिक सवारी बैठाने, अवैध पार्किंग और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 215 ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।

नाबालिगों को वाहन न देने की चेतावनी
अभियान के दौरान पुलिस ने नाबालिग ई-रिक्शा चालकों के परिजनों और वाहन स्वामियों को स्पष्ट चेतावनी दी। पुलिस ने कहा कि किसी भी स्थिति में नाबालिगों को वाहन चलाने के लिए नहीं दिया जाए।

पुलिस के अनुसार, यदि नाबालिग को वाहन चलाते हुए पाया गया या यातायात नियमों का उल्लंघन किया गया तो संबंधित वाहन स्वामी और अभिभावक दोनों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आगे भी जारी रहेगा अभियान
महराजगंज पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने से रोकने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए इस तरह का अभियान आगे भी जारी रहेगा।



मोहिद खान

मोहिद खान आपन महराजगंज में बृजमनगंज क्षेत्र से रिपोर्टर हैं। यह महराजगंज जिले और बृजमनगंज की स्थानीय खबरों, घटनाओं और जनसमस्याओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।