Maharajganj News: सिसवा के सागर चौरसिया ने ASI लेखाकार भर्ती में हासिल की 11वीं रैंक, CM योगी ने सौंपा नियुक्ति पत्र

    21-Sep-2026   
Total Views |
महराजगंज। सिसवा नगर के लोहिया नगर बीजापार निवासी सागर चौरसिया ने उत्तर प्रदेश पुलिस की ASI (लेखाकार) भर्ती परीक्षा में 11वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

सागर चौरसिया को 20 सितंबर, रविवार को लखनऊ स्थित लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नियुक्ति पत्र प्रदान किया। कार्यक्रम में भर्ती प्रक्रिया के तहत नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
किसान परिवार से निकलकर हासिल की सफलता
सागर के पिता प्रेमशंकर चौरसिया कृषि कार्य करते हैं, जबकि उनकी माता अमरावती देवी गृहिणी हैं। सागर ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा चोखराज तुलस्यान सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सिसवा बाजार से हाईस्कूल तक पूरी की। इसके बाद उन्होंने महात्मा गांधी इंटर कॉलेज, सिसवा बाजार से इंटरमीडिएट की पढ़ाई की।
उच्च शिक्षा के दौरान सागर ने गोरखपुर विश्वविद्यालय से बी.कॉम और इलाहाबाद विश्वविद्यालय से एम.कॉम की पढ़ाई पूरी की।

2025 में हुई परीक्षा, 11वीं रैंक हासिल
शिक्षा पूरी करने के बाद सागर ने वर्ष 2023 में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती के लिए आवेदन किया। भर्ती परीक्षा वर्ष 2025 में आयोजित हुई, जबकि इसका अंतिम परिणाम 26 मार्च 2026 को घोषित किया गया।

परिणाम में सागर चौरसिया ने ASI (लेखाकार) पद पर 11वीं रैंक हासिल की। इसके बाद रविवार को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ विद्यार्थियों को भी पढ़ाया
सागर ने अपनी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ विद्यार्थियों को शिक्षा देने का काम भी जारी रखा। वह MCC Academy के नाम से प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग संचालित करते हुए विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते रहे।
उनके अनुसार, उनके मार्गदर्शन में पढ़ाई करने वाले करीब 25 छात्र पुलिस विभाग, सेना, SSB, CRPF और CISF में चयनित होकर सेवाएं दे रहे हैं।

नियुक्ति मिलने के बाद सागर चौरसिया ने कहा, “यह नियुक्ति मेरे जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है। मैं अपने पद के कर्तव्यों का पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करूंगा।”

सागर चौरसिया की सफलता की खबर मिलते ही परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल बन गया। बधाई देने के लिए लोग उनके आवास पर पहुंचे और मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। परिजनों ने उनकी इस उपलब्धि को कठिन परिश्रम, लगन और निरंतर प्रयासों का परिणाम बताते हुए खुशी जताई। वहीं, क्षेत्र के लोगों ने भी सागर के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



रजाउल अंसारी

रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।