महराजगंज। नौतनवा डिवीजन के कस्टम अधिकारियों ने देर रात कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 7,810 किलो यानी 7.81 टन पीपीई प्लास्टिक स्क्रैप बरामद किया। कस्टम विभाग ने प्लास्टिक स्क्रैप के साथ ट्रक को भी जब्त कर लिया है।
कस्टम अधिकारियों को ट्रक के बारे में विशेष जानकारी मिली थी। इसके बाद देर रात टीम ने ट्रक को रोककर उसकी जांच की। तलाशी के दौरान ट्रक में बड़ी मात्रा में पीपीई प्लास्टिक स्क्रैप मिला।
6.67 लाख रुपये का माल और वाहन जब्त कस्टम अधीक्षक श्रवण जायसवाल के अनुसार, जब्त किए गए प्लास्टिक स्क्रैप की कीमत 1,17,150 रुपये आंकी गई है। वहीं, ट्रक की कीमत करीब 5,50,000 रुपये बताई गई है। इस तरह कस्टम विभाग के अनुसार जब्त किए गए माल और वाहन की कुल कीमत 6,67,150 रुपये है।
कार्रवाई के दौरान कस्टम अधिकारियों ने ट्रक चालक अजीत सिंह और माल के मालिक महेश शर्मा से पूछताछ की। पूछताछ पूरी होने के बाद दोनों को छोड़ दिया गया।
कस्टम विभाग के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में प्लास्टिक स्क्रैप को नेपाल से अवैध तरीके से भारत लाए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, मामले में माल के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच अभी जारी है।
कस्टम विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि प्लास्टिक स्क्रैप कहां से लाया गया था और इसे भारत लाने में कौन-कौन लोग शामिल थे।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।