महराजगंज। जिले के पत्रकारों का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचा और जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। पत्रकारों ने नौतनवा स्थित एक रेस्टोरेंट से जुड़ी खबर प्रकाशित किए जाने के बाद सोशल मीडिया पर एक पत्रकार को निशाना बनाकर कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी किए जाने के मामले में निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।
पत्रकारों के अनुसार, नौतनवा स्थित ‘टेस्टी पिज़्ज़ा पैराडाइज’ रेस्टोरेंट से जुड़ी एक खबर प्रकाशित की गई थी। आरोप है कि इसके बाद पत्रकार ब्रजेन्द्र पाण्डेय आकाश को निशाना बनाकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित किया गया, जिसमें आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का आरोप है। पत्रकारों ने इसे उनकी सामाजिक और व्यक्तिगत छवि को प्रभावित करने का प्रयास बताया।
खाने में स्टील का टुकड़ा मिलने का मामला ज्ञापन में पत्रकारों ने बताया कि 17 सितंबर को एक ग्राहक ने रेस्टोरेंट से कढ़ाई पनीर, चावल, तवा रोटी और पानी की बोतल का ऑर्डर किया था। पत्रकारों के अनुसार, भोजन करते समय ग्राहक के मुंह में करीब 12 मिमी का स्टील का टुकड़ा चला गया था।
इस मामले को पत्रकार ब्रजेन्द्र पाण्डेय आकाश द्वारा सामने लाए जाने की बात कही गई। इसके बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो को लेकर पत्रकारों ने आपत्ति जताई और मामले की जांच की मांग की।
हालांकि, AAPAN MAHARAJGANJ सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में लगाए गए आरोपों और किए गए दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।
प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मांग की कि आपत्तिजनक वीडियो और टिप्पणी प्रसारित करने वाले व्यक्ति की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही संबंधित रेस्टोरेंट की गतिविधियों और खाद्य सुरक्षा मानकों की भी जांच कराने का आग्रह किया गया।
पत्रकारों ने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को सामने रखना पत्रकारिता का दायित्व है। किसी खबर से असहमति होने पर संबंधित पक्ष अपना तथ्यात्मक पक्ष रख सकता है, लेकिन पत्रकार को बदनाम करने का प्रयास उचित नहीं है। जिलेभर के होटल और ढाबों की जांच के निर्देश मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही जिले के होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों में FSSAI (भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण) के निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए जाने की जानकारी दी गई।
प्रशासन की जांच के दौरान यदि किसी खाद्य प्रतिष्ठान में निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पत्रकारों ने रेस्टोरेंट मामले में निष्पक्ष जांच और दोष पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है।
फैयाज अहमद ‘आपन महराजगंज’ के लिए महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र में रिपोर्टर के तौर पर कार्य करते हैं। वे स्थानीय खबरों, घटनाओं और जनसमस्याओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।