Maharajganj News: लक्ष्मीपुर में 30 साल पुरानी सड़क जर्जर, ग्रामीणों ने DM से मांगी मरम्मत

    23-Sep-2026   
Total Views |

महराजगंज।
सदर तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत बागापार के लक्ष्मीपुर टोले के ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल को पत्र सौंपा। ग्रामीणों ने जर्जर सड़क की मरम्मत कराने के साथ जल निकासी के लिए नाली निर्माण की मांग की। ग्रामीणों की ओर से उमेश चंद्र मिश्र ने जिलाधिकारी को समस्या की जानकारी दी।

ग्रामीणों ने पत्र के माध्यम से बताया कि लक्ष्मीपुर टोले में करीब 30 वर्ष पहले खड़ंजा बनाया गया था। लंबे समय से मरम्मत नहीं होने के कारण सड़क की स्थिति खराब हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं।

बारिश में बढ़ जाती है परेशानी

ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के दौरान सड़क के गड्ढों में पानी जमा हो जाता है। जलजमाव और कीचड़ के कारण लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी होती है। राहगीरों और स्थानीय लोगों को रोजाना आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण आसपास मच्छरों का प्रकोप बढ़ने और बीमारियों का खतरा भी बना रहता है। इसी को देखते हुए उन्होंने सड़क के साथ नाली निर्माण कराने की मांग की।

डीएम ने जांच का दिया भरोसा
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से सड़क की स्थिति का निरीक्षण कराकर जल्द मरम्मत कराने और जल निकासी की व्यवस्था करने की मांग की। इस पर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने ग्रामीणों को भरोसा दिया कि संबंधित विभाग से मामले की जांच कराई जाएगी और जरूरत के अनुसार सड़क की मरम्मत कराई जाएगी।

इस दौरान रविंद्र जैन, विजय कुमार वर्मा, महेंद्र कुमार, रणविजय चौधरी, कमालुद्दीन खान, दिवाकर वर्मा, दिलीप वर्मा, राम अवतार, कमलावती, संगीता, इस्रावती और गीता समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।



आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।