महराजगंज। जिला अस्पताल के सामने मंगलवार देर शाम ड्रग विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने सात मेडिकल स्टोरों पर एक साथ छापेमारी की। नशीली दवाओं के कथित भंडारण और बिक्री, संदिग्ध दवाओं तथा बिलिंग से जुड़ी शिकायतों की जांच के लिए यह कार्रवाई की गई। छापेमारी की सूचना से आसपास के मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मच गया।
सात मेडिकल स्टोरों की जांच संयुक्त टीम ने इंदु फार्मा, विकास फार्मा, दिव्य फार्मा, ओम प्रगति फार्मा, प्रगति फार्मा, गीतांजलि मेडिकल और अनुष्का मेडिकल स्टोर की जांच की।
अधिकारियों ने मेडिकल स्टोरों में मौजूद दवाओं के स्टॉक का मिलान खरीद-बिक्री से जुड़े रिकॉर्ड से किया। इस दौरान अलग-अलग दवाओं के सैंपल लिए गए। साथ ही बिल, स्टॉक रजिस्टर और अन्य जरूरी अभिलेखों को जांच के लिए कब्जे में लिया गया।
सीओ और ड्रग इंस्पेक्टर रहे मौजूद कार्रवाई के दौरान सीओ सदर अंकुर गौतम और ड्रग इंस्पेक्टर नवीन कुमार मौजूद रहे। पुलिस टीम ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली, जबकि ड्रग विभाग के अधिकारियों ने दवाओं के स्टॉक और संबंधित दस्तावेजों की जांच की। देर शाम तक चली कार्रवाई के कारण जिला अस्पताल के आसपास काफी देर तक हलचल बनी रही। जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई बताया गया कि महराजगंज शहर में कार्रवाई पूरी करने के बाद टीम आगे की जांच के लिए दूसरे क्षेत्र की ओर रवाना हुई। अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और दवाओं के सैंपल की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फैयाज अहमद ‘आपन महराजगंज’ के लिए महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र में रिपोर्टर के तौर पर कार्य करते हैं। वे स्थानीय खबरों, घटनाओं और जनसमस्याओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।