Maharajganj News: महराजगंज में SSB-पुलिस की कार्रवाई, 119 बोरा चाइनीज लहसुन बरामद; एक गिरफ्तार

    04-Sep-2026   
Total Views |

निचलौल।
भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल (SSB), स्थानीय पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम रेंगहिया में कार्रवाई की। टीम ने एक संदिग्ध ठिकाने से 119 बोरा तृतीय देशीय चाइनीज लहसुन बरामद किया। बरामद लहसुन का कुल वजन 3332 किलोग्राम बताया गया है। कार्रवाई के दौरान एक भारतीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।

प्राप्त सूचना के अनुसार, सीमा स्तंभ संख्या 501 से करीब 600 मीटर भारत की ओर ग्राम रेंगहिया निवासी धर्मेंद्र सिंह पुत्र रामनरेश सिंह के घर में नेपाल से तस्करी के माध्यम से लाए गए तृतीय देशीय चाइनीज लहसुन के अवैध भंडारण की सूचना मिली थी।

सूचना मिलने के बाद समवाय प्रभारी झूलनीपुर निरीक्षक शिव पूजन प्रसाद ने नायब तहसीलदार निचलौल पीयूष जायसवाल और रेंगहिया पुलिस चौकी के उप निरीक्षक सूरज तिवारी को इसकी जानकारी दी। इसके बाद नायब तहसीलदार के नेतृत्व में SSB, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई की गई।

दो घंटे चली तलाशी और छापेमारी
संयुक्त टीम ने 04 सितंबर 2026 को सुबह करीब 6 बजे से 8 बजे तक ग्राम रेंगहिया में संदिग्ध ठिकाने पर नियमानुसार तलाशी और छापेमारी की। तलाशी के दौरान 119 बोरी चाइनीज लहसुन मिला। प्रत्येक बोरे में 28 किलोग्राम लहसुन था, जिसका कुल वजन 3332 किलोग्राम दर्ज किया गया।

कार्रवाई के दौरान गिरजेश सिंह पुत्र बेचई सिंह, निवासी ग्राम डिगही इटहिया, थाना ठूठीबारी, जनपद महराजगंज को गिरफ्तार किया गया। बरामद लहसुन को नियमानुसार जब्त कर कब्जे में ले लिया गया है।

कार्रवाई में ये टीमें रहीं शामिल
रेंगहिया पुलिस चौकी की टीम में उप निरीक्षक सूरज तिवारी, मुख्य आरक्षी अक्षय कुमार, आरक्षी संतोष कुमार गौड़, आरक्षी अजीत यादव और आरक्षी संदीप शर्मा शामिल रहे।

SSB टीम में निरीक्षक शिव पूजन प्रसाद, उप निरीक्षक रविन्द्र कुमार यादव, आरक्षी धर्मेंद्र यादव, आरक्षी मोहम्मद खुर्शीद आलम, आरक्षी मोहम्मद सहीम अंसारी, आरक्षी राजेश कुमार यादव, आरक्षी चालक बृज किशोर और आरक्षी चालक गुलाम गौस शामिल रहे।

राजस्व विभाग की ओर से नायब तहसीलदार निचलौल पीयूष जायसवाल और भारतेंदु मिश्रा मौजूद रहे।
गिरफ्तार व्यक्ति और बरामद लहसुन के संबंध में संबंधित विभाग एवं थाना स्तर से अग्रिम वैधानिक कार्रवाई प्रक्रियाधीन है। सीमा क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के बाद तस्करी से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।



फैयाज अहमद

फैयाज अहमद ‘आपन महराजगंज’ के लिए महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र में रिपोर्टर के तौर पर कार्य करते हैं। वे स्थानीय खबरों, घटनाओं और जनसमस्याओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।