महराजगंज। माध्यमिक विद्यालय की मंडल स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में महराजगंज इंटर कॉलेज के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में लक्ष्मी चौहान और दीपांशु ने अपने-अपने वर्ग में मंडल चैंपियन बनकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए स्थान पक्का किया।
मंडल स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 3 सितंबर को महात्मा गांधी इंटर कॉलेज, गोरखपुर में किया गया। इसमें देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज और गोरखपुर की टीमों के बीच मुकाबला हुआ।
प्रतियोगिता में महराजगंज की ओर से विभिन्न आयु वर्गों में 15 खिलाड़ियों के दल ने प्रतिभाग किया। अंडर-14 बालक वर्ग में महराजगंज के दीपांशु ने गोरखपुर, कुशीनगर और देवरिया के खिलाड़ियों को हराकर मंडल चैंपियन का खिताब हासिल किया।
वहीं महराजगंज इंटर कॉलेज की लक्ष्मी चौहान ने भी तीनों जिलों के प्रतिभागियों को हराते हुए अपने वर्ग में मंडल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
अब अलीगढ़ में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दिखाएंगे दमखम मंडल स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले दीपांशु और लक्ष्मी चौहान अब इसी माह अलीगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में महराजगंज का प्रतिनिधित्व करेंगे। दोनों खिलाड़ी राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सुजीत कुमार चौधरी, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा, शारीरिक शिक्षक बीरन प्रसाद आदि ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।