महराजगंज। गोरखपुर मंडल के मंडलायुक्त इन्द्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को महराजगंज में 10 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं और कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान परियोजनाओं की लागत, काम की प्रगति, निर्धारित पूर्णता तिथि और निर्माण में सामने आ रही बाधाओं की जानकारी ली गई। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में पूरी होने वाली सभी परियोजनाओं को हर हाल में दिसंबर 2026 तक पूरा कराया जाए। निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी या अधोमानक काम मिलने पर संबंधित अधिकारी की व्यक्तिगत जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
कई सड़कों के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश बैठक में पकड़ी खुटहा–पनियरा मार्ग के लिए वन विभाग की एनओसी प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया। संबंधित विवरण एक सप्ताह के भीतर परिवेश पोर्टल पर अपलोड कराने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा मदरी–महदेईया–चकदह–शाहपुर–कजरी मार्ग, पकड़ी खुटहा–पनियरा–बेलवा टीकर मार्ग और इंडो-नेपाल बॉर्डर मार्ग का काम निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने पर जोर दिया गया।
आवासीय विद्यालय और मल्टीपरपज हॉल की धीमी प्रगति पर नाराजगी नेताजी सुभाषचंद्र बोस आवासीय विद्यालय, ठूठीबारी और मल्टीपरपज हॉल, कलेक्ट्रेट परिसर के निर्माण की धीमी प्रगति पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने यूपीपीसीएल के परियोजना प्रबंधक को महराजगंज में रहकर विलंबित परियोजनाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
वहीं नेताजी सुभाषचंद्र बोस आवासीय विद्यालय, नौतनवा का निर्माण कार्य समय से काफी पीछे मिलने पर मंडलायुक्त ने यूपी सिडको के सहायक अभियंता के विरुद्ध कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को निर्देशित किया।
आईजीआरएस और जनसुनवाई की शिकायतों की भी समीक्षा मंडलायुक्त ने आईजीआरएस और जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की स्थिति भी देखी। उन्होंने शिकायतों के निस्तारण के दौरान मौके की वास्तविक स्थिति का विस्तृत विवरण दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर स्पॉट मेमो तैयार किया जाए और कम से कम दो गवाहों के बयान भी अभिलेखित किए जाएं, ताकि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनी रहे।
पर्वों को देखते हुए सतर्क रहने के निर्देश बैठक में डीआईजी एस. चनम्पा ने कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सतर्क और संवेदनशील रहते हुए प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जन्माष्टमी और आगामी पर्वों को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और जरूरत के अनुसार पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।
डीआईजी ने महिला अपराधों में त्वरित कार्रवाई पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने ग्राम स्तर पर बीट कांस्टेबल, लेखपाल, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री सहित अन्य कर्मियों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए, ताकि महिला अपराध से संबंधित सूचनाएं समय पर मिल सकें और तत्काल कार्रवाई की जा सके।
बैठक में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल, पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी, डीएफओ निरंजन सुर्वे राजेंद्र, एडीएम डॉ. प्रशांत कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शिवम कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
मोहिद खान आपन महराजगंज में बृजमनगंज क्षेत्र से रिपोर्टर हैं। यह महराजगंज जिले और बृजमनगंज की स्थानीय खबरों, घटनाओं और जनसमस्याओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।