सोनौली, महराजगंज। सोनौली नगर पंचायत में 35.18 लाख रुपये की लागत से बनाया गया सार्वजनिक शौचालय और यूरिनल निर्माण पूरा होने के बाद भी अब तक आम जनता के लिए शुरू नहीं हो पाया है। वार्ड नंबर पांच, गौतमबुद्ध नगर में बनी इस सुविधा के बंद रहने से स्थानीय लोगों के साथ ही भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर आने-जाने वाले मालवाहक ट्रक चालकों में नाराजगी है।
शिलापट्ट के अनुसार, इस परियोजना का निर्माण कार्य 25 अक्टूबर 2024 को पूरा हो गया था। निर्माण पूरा हुए काफी समय बीतने के बावजूद शौचालय का संचालन शुरू नहीं होने से इसके उपयोग को लेकर सवाल उठ रहे हैं। सीमा पर लंबी कतार, शौचालय बंद सोनौली अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर पर मालवाहक ट्रकों की लंबी कतार लगने के दौरान चालकों और अन्य लोगों को सार्वजनिक शौचालय की सुविधा नहीं मिल पा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक सीमा क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। वहीं नेपाल जाने और भारत आने वाले मालवाहक वाहनों की कतार भी अक्सर लंबी रहती है।
ऐसे में लाखों रुपये की लागत से शौचालय बनने के बावजूद उसका इस्तेमाल नहीं हो पाना लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने शौचालय को जल्द आम जनता के लिए खोलने की मांग की है।
ट्रक चालकों ने बताई परेशानी मालवाहक ट्रक चालक राजकुमार, करण, गंगू, सूरज, विशाल, सतीश और नवीन ने बताया कि शौचालय बंद होने के कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उनका कहना है कि सीमा पर कई-कई घंटे ट्रकों की कतार में खड़ा रहना पड़ता है। ऐसी स्थिति में सार्वजनिक शौचालय की सुविधा बेहद जरूरी है। जल्द शुरू होगा शौचालय: ईओ इस संबंध में सोनौली नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार सरोज ने बताया कि शौचालय जल्द ही खुलवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसमें कुछ कमियां थीं, जिन्हें दूर कर दिया गया है। अब शौचालय को जल्द आम जनता के लिए चालू करने के निर्देश दिए गए हैं।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।