नौतनवा, महराजगंज। 66वीं वाहिनी सीमा सुरक्षा बल की सीमा चौकी बैरिया बाजार की टीम ने भारत-नेपाल सीमा के पास इलेक्ट्रॉनिक सामान की अवैध तस्करी की कोशिश को नाकाम करते हुए 4 हजार मोबाइल बैटरियां बरामद की हैं। कार्रवाई के दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे और नेपाल सीमा का फायदा उठाकर नेपाल की ओर भागने में सफल रहा।
सीमा चौकी बैरिया बाजार के प्रभारी सहायक उप-निरीक्षक बलवंत सिंह को विशेष सूत्रों से सूचना मिली थी कि सीमा स्तंभ संख्या 531/1 के पास रात के समय इलेक्ट्रॉनिक सामान की अवैध तस्करी होने की संभावना है। सूचना मिलते ही बीओपी कमांडर सहायक उप-निरीक्षक बलवंत सिंह के नेतृत्व में जवानों की विशेष नाका पार्टी गठित कर मौके के लिए रवाना की गई।
नाका पार्टी ने संदिग्ध स्थान पर पहुंचकर झाड़ियों में छिपकर निगरानी शुरू की। कुछ देर बाद दो संदिग्ध व्यक्ति सिर पर बोरियां लादे भारत से नेपाल की ओर जाते दिखाई दिए। जवानों ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों व्यक्ति सामान वहीं छोड़कर भागने लगे। जवानों ने पीछा कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर नेपाल की ओर भाग गया।
10 कार्टन में मिलीं 4 हजार मोबाइल बैटरियां मौके पर छोड़ी गई बोरियों की तलाशी लेने पर 10 कार्टन बरामद हुए। इनमें कुल 4 हजार मोबाइल बैटरियां मिलीं। बरामद बैटरियों में सैमसंग की छोटी मोबाइल बैटरी 900 नग और एरोज (Arose) छोटी मोबाइल की बैटरी 3,100 नग शामिल थीं।
पकड़े गए अभियुक्त की पहचान नियाज़ निवासी बैरिया, नौतनवा, महराजगंज के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह सामान को अवैध रूप से नेपाल लेकर जा रहा था।
अभियुक्त से सामान से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। वैध दस्तावेज नहीं होने के कारण मौके पर ही बरामद सामान की जब्ती सूची और फर्द तैयार की गई। इसके बाद गिरफ्तार अभियुक्त को अग्रिम कानूनी एवं विधिक कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय, नौतनवा को सुपुर्द कर दिया गया
मुबारक अली (Mubarak Ali) 'आपन महराजगंज' में तहसील संवाददाता (फरेंदा) के रूप में कार्यरत हैं। यह फरेंदा तहसील क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को प्रमुखता से कवर करते हैं।