सिसवा बाजार, महराजगंज। नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार के वार्ड संख्या-24 स्थित चित्रगुप्त नगर (नौका टोला) में शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा के तत्वावधान में माह का प्रथम नियमित टीकाकरण सत्र आयोजित किया गया। शिविर में गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों और किशोर-किशोरियों का टीकाकरण किया गया। इसके साथ ही जरूरतमंद लोगों को आवश्यक दवाओं का भी वितरण किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की एएनएम सुचिता पाल ने बताया कि नियमित टीकाकरण का उद्देश्य बच्चों और गर्भवती महिलाओं को समय से जरूरी टीके उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें विभिन्न संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके। शिविर के दौरान 25 से अधिक बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को टीके लगाए गए तथा जरूरत के अनुसार दवाएं वितरित की गईं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम के अनुसार शिविर में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों, 10 से 15 वर्ष आयु वर्ग के किशोर-किशोरियों और गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों को नियमित टीकाकरण के महत्व के बारे में जानकारी दी। साथ ही अभिभावकों और गर्भवती महिलाओं से समय से सभी जरूरी टीके लगवाने की अपील की गई।
टीकाकरण सत्र के दौरान सहायिका कार्यकत्री बबीता देवी, प्रेमलता शर्मा और मालती देवी तथा आशा कार्यकत्री कृष्णा देवी, रीना देवी और संतोषी सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही। शिविर में वार्ड के अनेक नागरिकों ने भी पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।