महराजगंज। सिसवा-निचलौल मुख्य मार्ग पर स्थित कटहरी बाजार में जलभराव की समस्या लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। हल्की बारिश होते ही सड़क के दोनों किनारों पर पानी जमा हो जाता है। इससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और स्थानीय ग्रामीणों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार में नालियों की नियमित सफाई नहीं होती है। साथ ही बारिश के पानी की निकासी के लिए भी उचित व्यवस्था नहीं है। इसके चलते बारिश का पानी सड़क पर जमा हो जाता है और काफी देर तक लोगों को इसी समस्या से जूझना पड़ता है।
गंदे पानी के बीच से गुजरते हैं राहगीर सड़क पर जलभराव होने के बाद पैदल चलने वाले लोगों के साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। सड़क पर जमा पानी के कारण कई जगह गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, जलभराव के कारण दोपहिया वाहन चालक कई बार संतुलन बिगड़ने से गिर भी चुके हैं।
जलभराव की समस्या को लेकर जय गोविंद वर्मा, डॉ. अजय कुमार पांडे, मनोज वर्मा 'मोहन', दिलीप, विवेक गुप्ता, रजमन चौधरी और संतोष गुप्ता समेत अन्य स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि कटहरी बाजार में सड़क के किनारे पक्की नाली का निर्माण कराया जाए और पानी की निकासी के लिए स्थायी व्यवस्था की जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बारिश के दिनों में लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।