Maharajganj News: महराजगंज के विजयपुर चौराहे के तालाब में जाल में फंसा मगरमच्छ, ग्रामीणों में मची हलचल

    07-Sep-2026   
Total Views |

महराजगंज।
विजयपुर चौराहा स्थित एक तालाब में रविवार को उस समय हलचल मच गई, जब मछली पकड़ने के लिए डाले गए जाल में मगरमच्छ फंस गया। जाल खींचते समय मछुआरों को पहले लगा कि कोई बड़ी मछली फंसी है, लेकिन जाल बाहर आने पर उसमें मगरमच्छ देखकर सभी हैरान रह गए।

बताया गया कि मगरमच्छ काफी समय से तालाब में रह रहा था, लेकिन इसकी जानकारी ग्रामीणों और मछुआरों को नहीं थी। रविवार को मछुआरों ने रोज की तरह तालाब में मछली पकड़ने के लिए जाल डाला। कुछ देर बाद जब उन्होंने जाल खींचना शुरू किया तो उसमें काफी वजन महसूस हुआ। मछुआरों को लगा कि जाल में कोई बड़ी मछली फंस गई है।

जैसे ही जाल बाहर आया और उसमें मगरमच्छ दिखाई दिया, मछुआरों ने शोर मचा दिया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद ग्रामीणों ने बागापार निवासी हरिवंश हौशला और वन दरोगा जगपुर संदीप राना को घटना की जानकारी दी।

वनकर्मियों ने सुरक्षित पकड़ा मगरमच्छ
सूचना मिलने पर हरिवंश हौशला और संदीप राना मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से पकड़ा गया। इसके बाद वनकर्मी उसे लेकर रोहिन नदी के चानकी घाट पहुंचे, जहां उसे सुरक्षित नदी में छोड़ दिया गया।

मगरमच्छ के सुरक्षित नदी में पहुंचने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। तालाब में मगरमच्छ मिलने की घटना को लेकर आसपास के लोगों में काफी देर तक चर्चा होती रही।



आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।