Maharajganj News: महराजगंज में सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान पर कार्यशाला, 250 से अधिक युवा लाभार्थियों ने लिया प्रशिक्षण

    08-Sep-2026   
Total Views |

महराजगंज।
विकास भवन सभागार में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के तहत एक दिवसीय विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में हुई कार्यशाला में 250 से अधिक युवा लाभार्थियों के साथ विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक और प्रतिनिधि शामिल हुए।

कार्यशाला का आयोजन समाधान समिति और जिला उद्योग केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम को दो चरणों में बांटा गया। पहले चरण में युवा लाभार्थियों को प्रशिक्षण दिया गया, जबकि दूसरे चरण में बैंकर्स के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया।

युवाओं को ऋण और उद्यम स्थापना की जानकारी

पहले सत्र में विशेषज्ञों और जिला उद्योग केंद्र के अधिकारियों ने युवाओं को योजना की पात्रता, जरूरी दस्तावेज, प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने, ऋण आवेदन की प्रक्रिया और व्यवसाय प्रबंधन से जुड़ी जानकारी दी। युवाओं की ओर से पूछे गए सवालों का प्रश्नोत्तर के माध्यम से समाधान भी किया गया।

लाभार्थियों और बैंक प्रतिनिधियों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने तथा ऋण प्रक्रिया को सरल और प्रभावी बनाने से संबंधित जानकारी भी साझा की गई। इस दौरान सीएम युवा योजना के तीन लाभार्थियों को मुख्य विकास अधिकारी ने चेक वितरित किए।

कार्यशाला में योजना के तहत ऋण लेकर सफल उद्यम स्थापित करने वाले उद्यमियों ने अपने अनुभव भी साझा किए। उन्होंने सरकार, जिला उद्योग केंद्र और बैंक के प्रति आभार जताया तथा अन्य युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया।

बैंकर्स को दिया गया विशेष प्रशिक्षण

कार्यशाला के दूसरे चरण में जिले के विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधकों और प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण दिया गया। पूर्व बैंकर एवं विशेषज्ञ मुकेश वार्ष्णेय ने पीपीटी के माध्यम से लाभार्थियों के ऋण आवेदनों के त्वरित निस्तारण, पोर्टल की तकनीकी प्रक्रिया और ऋण स्वीकृति के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के समाधान की जानकारी दी।

बाह्य विशेषज्ञ रनवीर सिंह चौहान की मौजूदगी में जिला उद्योग केंद्र, समाधान समिति और बैंकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।

डिप्टी कमिश्नर इंडस्ट्रीज नीरज कुमार सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं और वित्तीय संस्थानों के बीच समन्वय को मजबूत करना है, ताकि पात्र युवाओं को समयबद्ध और सुगम ऋण सुविधा मिल सके। इससे युवा अपना स्वरोजगार स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकेंगे।

उन्होंने कहा कि यह योजना युवाओं को उद्यमिता से जोड़ने के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा करने और जनपद के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इस अवसर पर समाधान समिति के क्षेत्रीय प्रभारी अमन कुमार ने भी लाभार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने उद्यम स्थापना, वित्तीय प्रबंधन, बैंकिंग प्रक्रिया और व्यवसाय संचालन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी।

कार्यक्रम में डिप्टी कमिश्नर नीरज कुमार सिंह, एलडीएम भूपेंद्र मिश्रा, असिस्टेंट कमिश्नर राकेश कुमार जायसवाल, असिस्टेंट कमिश्नर गुलाब चंद गोंड, सहायक प्रबंधक अविनाश कुमार पांडेय, सीनियर असिस्टेंट दिनेश कुमार वरुणा, सीएम युवा फेलो रंजीत कुमार एवं गुड़िया जायसवाल सहित अन्य अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि, विशेषज्ञ और लाभार्थी मौजूद रहे।



मोहिद खान

मोहिद खान आपन महराजगंज में बृजमनगंज क्षेत्र से रिपोर्टर हैं। यह महराजगंज जिले और बृजमनगंज की स्थानीय खबरों, घटनाओं और जनसमस्याओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।