महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के धर्मौली गांव में जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहा विवाद उस समय चर्चा में आ गया, जब एक युवती घर में रखी लाइसेंसी सिंगल बैरल बंदूक लेकर परतावल पुलिस चौकी पहुंच गई। युवती के चौकी पहुंचने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही बंदूक को जब्त कर मालखाने में जमा करा दिया गया।
बताया जा रहा है कि रामानंद यादव ने अपने हिस्से की दो डिसमिल जमीन बेच दी थी। वह अपने एक बेटे राजकुमार यादव के साथ रहते थे। जमीन बेचने और हिस्से को लेकर परिवार के दूसरे बेटे और उसके परिवार से विवाद शुरू हो गया।
इसी विवाद के बीच दूसरे बेटे उदयभान यादव की बेटी नंदिनी यादव अपने बाबा के नाम पर लाइसेंसी सिंगल बैरल बंदूक लेकर परतावल पुलिस चौकी पहुंच गई। युवती के हाथ में बंदूक देखकर चौकी पर मौजूद पुलिसकर्मी भी सक्रिय हो गए।
चौकी पहुंचने के बाद पुलिसकर्मियों ने युवती को समझाने का प्रयास किया। नंदिनी ने चौकी प्रभारी से मिलने की बात कही और शुरुआत में बंदूक पुलिस को देने से इनकार कर दिया। काफी समझाने के बाद उसने बंदूक पुलिस के हवाले कर दी। दोनों पक्षों की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा पुलिस के मुताबिक, नंदिनी यादव की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर उसके चाचा, चाची और बाबा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं, नंदिनी की चाची की तहरीर पर नंदिनी और उसके माता-पिता के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने लाइसेंसी सिंगल बैरल बंदूक को कब्जे में लेकर मालखाने में जमा करा दिया है। मामले में पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस बीच युवती के बंदूक लेकर पुलिस चौकी पहुंचने का वीडियो सामने आने के बाद मामला इलाके में चर्चा का विषय बन गया। वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोगों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी की ओर से जारी लिखित नोट में भी दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने और लाइसेंसी बंदूक जब्त किए जाने की पुष्टि की गई है।
मुबारक अली (Mubarak Ali) 'आपन महराजगंज' में तहसील संवाददाता (फरेंदा) के रूप में कार्यरत हैं। यह फरेंदा तहसील क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को प्रमुखता से कवर करते हैं।