महराजगंज। त्रिमुहानी पुल से रोहिन नदी में छलांग लगाने वाले कक्षा 7 के छात्र हिमांशु यादव का 22 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। लखरहिया बरगदही गांव निवासी हिमांशु की तलाश में NDRF और SDRF की टीमें लगातार नदी में अभियान चला रही हैं। पुल पर छात्र की साइकिल और स्कूल बैग मिलने के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, हिमांशु ने सोमवार दोपहर करीब दो बजे त्रिमुहानी पुल से रोहिन नदी में छलांग लगा दी थी। घटना के समय पुल के नीचे मौजूद कुछ लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह गहरे पानी में चला गया, जिसके कारण उसे बचाया नहीं जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र की तलाश शुरू कराई। इसके बाद NDRF और SDRF की टीमें स्टीमर और गोताखोरों की मदद से नदी में लगातार खोजबीन कर रही हैं। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे तक 22 घंटे बीतने के बावजूद छात्र का कोई पता नहीं चल सका था। बचाव अभियान अभी जारी है।
इधर, हिमांशु के लापता होने की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। नदी किनारे बड़ी संख्या में लोग भी मौजूद हैं और बचाव अभियान पर नजर बनाए हुए हैं।
मुबारक अली (Mubarak Ali) 'आपन महराजगंज' में तहसील संवाददाता (फरेंदा) के रूप में कार्यरत हैं। यह फरेंदा तहसील क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को प्रमुखता से कवर करते हैं।