Maharajganj News : दो दोस्तों की बाइक पोल से टकराई- एक घायल, एक की थम गयी सांसें

11 Nov 2025 10:27:59

निचलौल। थाना क्षेत्र के झुलनीपुर खड्डा नहर पटरी मार्ग पर बैठवलिया पुल के पास सोमवार को ददर्नाक हादसा हुआ। एक बाइक विद्युत पोल से टकरा गई। दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए।

हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरे घायल युवक की हालत नाजुक देख प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

यह भी पढ़ें : यातायात नियम तोड़ा ? अब भरो चालान

जानकारी के मुताबिक, कुशीनगर जिले के खड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव महादेव, पनियहवा निवासी कमलेश (22) गांव के ही दोस्त सुनील (19) के साथ किसी कार्य के लिए झुलनीपुर की ओर आया था। दोनों कार्य पूरा कर वापस घर के लिए लौट रहे थे।

अभी वे झुलनीपुर-खड्डा नहर पटरी मार्ग स्थित बैठवलिया पुल के पास पहुंचे थे, इसी बीच उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे विद्युत पोल से टकरा गई। दुर्घटना में कमलेश की मौत हो गई जबकि सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा के अनुसार हादसे की सूचना घायल और मृत युवक के परिजनों को दे दी गई है। घायल का इलाज चल रहा है, जबकि मृत युवक कमलेश के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


Powered By Sangraha 9.0