Maharajganj News : यूट्यूब पर देखा विदेश में नौकरी का विज्ञापन और दे दिए 6.5 लाख, हकीकत पता चलने पर होश फाख्ता
11-Nov-2025
Total Views |
मदनपुर। महराजगंज के युवक सहित तीन लोगों के खिलाफ देवरिया के मदनपुर थाना में केस दर्ज किया गया है। देवरिया के पांच युवकों ने आरोप लगाया है कि महराजगंज के तीन लोगों ने विदेश भेजने का झांसा देकर उनसे 6.5 लाख रुपये ठग लिए।
पुलिस ने रविवार की रात आरोपी बबलू यादव निवासी चंदन माफी पनियरा महराजगंज, खुश्बू सिंह निवासी बेलीपार गोरखपुर और चंदन यादव निवासी खामपार देवरिया के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
सोनू गोड़ निवासी देवकली ने सात नवंबर को पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि उसने दिसंबर 2024 में यूट्यूब पर एक कंपनी का विदेश में नौकरी दिलाने का विज्ञापन देखा। उसने इसके बारे में अपने दोस्त बृज कुमार, सूरज कुमार, राहुल और नागेंद्र कुशवाहा को भी बताया।
सभी लोग विदेश जाने को तैयार हो गए और विज्ञापन वाले एजेंट से मिले। उसने अपने दो साथियों से ऑफिस में बात कराकर झांसे में ले लिया। उनके झांसे में आकर युवकों ने कर्ज लेकर 21 दिसंबर 2024 से 26 जनवरी 2026 तक 6.5 लाख रुपये एजेंटों के खाते में भेज दिए।
आरोप है कि 30 जनवरी को एजेंटों ने उन्हें टिकट और वीजा देकर दिल्ली भेज दिया। दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचने पर पता चला कि वीजा और टिकट फर्जी है। ठगी के शिकार युवक एजेंट के पास पहुंचे तो वह जान से मारने की धमकी देने लगा। कई बार चक्कर लगाने के बाद भी एजेंटों ने रुपये नहीं लौटाए।
एजेंटों के साथियों का मोबाइल भी बंद आ रहा है। पुलिस ने पीड़ितों की तहरीर पर आरोपी एजेंट बबलू यादव निवासी चंदन माफी पनियरा महराजगंज, खुश्बू सिंह निवासी बेलीपार गोरखपुर और चंदन यादव निवासी खामपार देवरिया के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। एसओ नंदा प्रसाद ने कहा कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।