Rajkummar Rao Baby : बीते दिनों बॉलीवुड इंडस्ट्री से लगातार चिंताजनक खबरें आ रही थीं, इसके बीच शनिवार की सुबह एक खूबसूरत खुशखबरी ने फैंस का दिल खुश कर दिया। एक्टर राजकुमार राव और उनकी पत्नी पत्रलेखा मम्मी-पापा बन गए हैं। कपल ने खुशी से झूमते हुए यह जानकारी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की, जिसे देखने के बाद फैंस और फिल्मी जगत के सितारे बधाइयों की बौछार कर रहे हैं।
राजकुमार राव और पत्रलेखा ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर बताया कि उनके घर एक नन्ही परी ने जन्म लिया है। सबसे खास बात यह है कि यह खुशखबरी उनके लिए और भी यादगार इसलिए बन गई क्योंकि आज उनकी शादी की चौथी सालगिरह भी है। यानी जिस दिन चार साल पहले दोनों ने एक-दूजे संग सात फेरे लिए थे, उसी दिन भगवान ने उन्हें सबसे सुंदर तोहफा दिया है।
कपल ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'आज हम बेहद खुश हैं। भगवान ने हमारे यहां एक बेटी को जन्म दिया है। ' पोस्ट के नीचे दोनों ने अपने नाम भी लिखे। राजकुमार राव ने कैप्शन में इस पल को अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा आशीर्वाद बताया। उन्होंने लिखा कि उनकी चौथी वेडिंग ऐनिवर्सरी पर इससे बड़ा गिफ्ट उन्हें नहीं मिल सकता था।
फैंस भी इस खबर से खुश नजर आए. कई लोगों ने कमेंट सेक्शन में 'कॉन्ग्रैचुलेशन्स' , 'गॉड ब्लेस द बेबी' और 'सो हैप्पी फॉर यू' जैसे मैसेज लिखे. इंडस्ट्री के कई सितारों ने भी अपनी शुभकामनाएं भेजते हुए कहा कि यह पल सिर्फ राजकुमार और पत्रलेखा ही नहीं, बल्कि उनके सभी चाहने वालों के लिए बेहद खास है।
राजकुमार राव और पत्रलेखा की लव स्टोरी इंडस्ट्री की सबसे प्यारी कहानियों में से एक मानी जाती है। दोनों ने करीब 11 साल के रिलेशनशिप के बाद 2021 में शादी की थी। अब अपनी बेटी के आने से उनकी जिंदगी में एक नई शुरुआत हो गई है।
फिलहाल, कपल ने अपनी नन्ही परी की झलक शेयर नहीं की है, लेकिन फैंस बेसब्री से उस पल का इंतजार कर रहे हैं। जब राजकुमार और पत्रलेखा अपनी बेटी की पहली फोटो दुनिया के साथ शेयर करेंगे। इंडस्ट्री में इस खबर के साथ एक बार फिर खुशी का माहौल बन गया है।