महराजगंज। जिला महिला अस्पताल में शनिवार देर शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पेट दर्द की शिकायत लेकर आई एक युवती लेबर रूम से इंजेक्शन लगने के बाद अचानक कर्मचारियों को चकमा देकर भाग निकली।
जिला महिला अस्पताल में देर शाम पेट में दर्द होने शिकायत पर एक युवती लेबर रूम में पहुंच गई। स्टॉफ नर्स की जांच में लेबर पेन की पुष्टि हुई। स्टॉफ नर्स ने इसकी जानकारी अस्पताल प्रशासन को दी।
इंजेक्शन देने के बाद आराम मिलते ही युवती लेबर रूम से कर्मचारियों से बचते हुए भाग सड़क पर आ गई। अस्पताल कर्मचारियों ने युवती को समझा-बुझाकर लेबर रूम में ले गए, जहां युवती ने स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। तबीयत खराब होने पर नवजात को तत्काल एसएनसीयू वार्ड में भर्ती कर दिया गया। युवती को भर्ती कर देखभाल किया जा रहा है। युवती गांव और बच्चे के पिता का नाम नहीं बता रही है।
अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को तत्काल सूचना दे दी। पुलिस पीएनसी वार्ड में भर्ती जच्चा युवती की निगरानी कर रही है। सीएमएस डॉ. एके द्विवेदी ने बताया कि जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। युवती अकेले लेबर रूम में पहुंची थी। डॉक्टर और कर्मचारियों की सूझबूझ से युवती ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया है।