पनियरा। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत अनन्तपुर मोथहीं निवासी 35 वर्षीय जिगर सिंह का सोमवार की सुबह करीब छह बजे तेंदुअहिया के बलुअहिया चौराहे के पास संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। जिगर सिंह रविवार की शाम बाइक से बरात गया था।
जानकारी के अनुसार, जिगर सिंह का शव बलुअहिया चौराहे से पचास कदम पश्चिम रोड के किनारे मिला और वहीं उसकी बाइक भी मिली। सुबह शव देखने के बाद महिलाओं ने शोर मचाया तो कुछ ही देर में भीड़ इकट्ठा हो गई। शव के चेहरे पर गंभीर चोट दिखाई दे रहा था।
किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराने के बाद ग्राम प्रधान के माध्यम से जिगर सिंह के परिजनों को घटना की जानकारी दी। मृतक अपने मां-बाप का इकलौता संतान था। वह मौलागंज चौराहे पर एक खाद बीज की दुकान पर काम करता था।
पुत्र दिग्विजय (7) और पुत्री जयक्लीन (5) सहित उसके दो बच्चे हैं। जिगर सिंह छह बहनों में दूसरे नंबर का था। बाकी पांच बहनें सीमा, प्रतिभा, रूबी, रीमा, जूली की शादी हो गई है। सबसे छोटी चांदनी की शादी अभी नहीं हुई है। इस हृदय विदारक घटना से मां विंदू देवी, पत्नी स्नेहलता सहित सभी परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया लग रहा है कि बाइक गिरने से ही मौत हुई है। उसकी बाइक भी पास में गिरी पड़ी मिली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही प्रमाणिक जानकारी मिल सकेगी।