
महराजगंज। 12 जनवरी से अयोध्या में होने वाली राज्य स्तरीय एथलीट स्पर्धा में जिले की बेटियां भी फर्राटा भरती दिखेंगी। शनिवार को स्टेडियम में आयोजित चयन ट्रायल में 11 बालकों के साथ आठ बेटियों का चयन भी किया गया।
छत्रपति शाहूजी महाराज स्टेडियम में एथलेटिक्स का चयन ट्रायल क्रीड़ा अधिकारी सरिता रानी और कोच चंद्र जीत यादव की देखरेख में हुआ। बालक वर्ग में कुल 20 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। शाहिद, मौसम, धनंजय चौहान, अर्जुन यादव, मुकेश, गफ्फार, विवेक, अक्षय, रंजन, सागर गुप्ता व नीतीश विभिन्न दूरी के दौड़ के लिए चुने गए।
इसी प्रकार बालिका वर्ग में कुल 10 बेटियों ने ट्रायल में हिस्सा लिया। इनमें से कविता वर्मा, गुड्डी, उजाला, सीमा, गोल्डी, अन्नू, उमा व करीना साहनी का चयन किया गया। क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता खेलने से पहले चयनित खिलाड़ी मंडलीय ट्रायल में जाएंगे।