लक्ष्मीपुर। जंगल गुलहरिया से चानकी घाट तक लगभग 9 किलोमीटर लंबी प्रस्तावित इंटरलॉकिंग सड़क बीते दो सालों से अधूरी पड़ी है। सड़क निर्माण के नाम पर केवल मिट्टी भरकर गिट्टी बिछा दी गई। इसके बाद कार्य को बीच में ही छोड़ दिया गया।
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीपुर क्षेत्र के दुर्गम जंगलों में बसे वनग्राम कानपुर दर्रा और बेलौहा दर्रा को मुख्य सड़क मार्ग से जोड़ने के लिए शासन स्तर पर दो वर्ष पूर्व इस सड़क निर्माण की स्वीकृति दी गई थी। यह सड़क जंगल गुलहरिया से चानकी घाट तक बनाई जानी थी। कार्य प्रारंभ होने के कुछ महीनों बाद ही ठेकेदार द्वारा काम रोक दिया गया। वर्तमान सड़क पर जगह-जगह गिट्टी बिखरी पड़ी है।
ग्रामीण दीनानाथ, बैजनाथ, बेचन, नंदलाल, वेदप्रकाश, सत्यप्रकाश और नन्हेलाल ने बताया कि उन्होंने कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से सड़क निर्माण पूरा कराने की मांग की लेकिन आश्वासन के अलावा कुछ भी नहीं मिला। ग्राम पंचायत टेढ़ी बेलौहा दर्रा और कानपुर दर्रा की ग्राम प्रधान कुसमावती ने भी नाराजगी जताई। एसडीएम नौतनवा नवीन कुमार ने बताया कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।