महराजगंज। जनपद के सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर बाहर की दवाएं लिखे जाने के आरोपों को प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नवनाथ प्रसाद ने गंभीरता से लिया है।
सीएमओ कार्यालय की ओर से सभी अधीक्षक एवं प्रभारी चिकित्साधिकारियों को कड़ा निर्देश जारी किया गया है। सीएमओ ने स्पष्ट किया है कि किसी भी दशा में मरीजों को बाहर की दवाएं न लिखी जाएं, अन्यथा संबंधित चिकित्सक के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ ने इसे अत्यंत खेदजनक बताते हुए सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन ईमानदारी से करने के निर्देश दिए हैं।
प्रभारी सीएमओ डॉ नवनाथ प्रसाद ने बताया कि सभी सीएचसी अधीक्षकों और पीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारियों को चेतावनी दी है कि निर्देश जारी होने के बाद यदि किसी भी चिकित्सक द्वारा बाहर की दवाएं लिखे जाने की शिकायत या सूचना प्राप्त होती है तो उसके विरुद्ध बिना किसी पूर्व सूचना के अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।