महराजगंज। फरेंदा क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बनकटी में प्रसव के दौरान कथित चिकित्सकीय लापरवाही का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने अस्पताल में तैनात स्टाफ नर्स जैतून निशा सहित अन्य संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO), महराजगंज को शिकायती पत्र देकर निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की गई है।
शिकायतकर्ता गफ्फार अली निवासी आनंद नगर (फरेंदा) के अनुसार, उनकी पत्नी सादमा को 7 नवंबर की रात करीब 7:48 बजे प्रसव के लिए CHC बनकटी में भर्ती कराया गया था। 8 नवंबर की भोर लगभग 3:30 बजे सामान्य प्रसव के दौरान उन्होंने एक पुत्री को जन्म दिया।
परिजनों का आरोप है कि प्रसव के दौरान ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स जैतून निशा मरीज को अप्रशिक्षित दाई के भरोसे छोड़कर चली गईं। इसी दौरान महिला को गंभीर रक्तस्राव होने लगा, लेकिन समय रहते समुचित उपचार नहीं दिया गया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि करीब तीन से साढ़े तीन घंटे तक परिजनों को महिला की गंभीर स्थिति के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
परिवार के मुताबिक, सुबह लगभग 6 से 7 बजे के बीच स्टाफ नर्स ने महिला की हालत नियंत्रण से बाहर बताते हुए उसे उच्च चिकित्सा केंद्र ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिजन आनन-फानन में महिला को KMC अस्पताल, महराजगंज लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उपचार किया और महिला को करीब 24 घंटे तक वेंटिलेटर पर रखना पड़ा।
शिकायतकर्ता के अनुसार, 10 नवंबर को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह पर महिला को हार्ट केयर मल्टी स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल, गोरखपुर में भर्ती कराया गया। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण महिला की किडनी और हृदय पर गंभीर प्रभाव पड़ने की बात कही गई है। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
22 नवंबर को CMO को सौंपा शिकायती पत्र इस मामले में गफ्फार अली ने 22 नवंबर को मुख्य चिकित्सा अधिकारी, महराजगंज को शिकायती प्रार्थना-पत्र देकर पूरे प्रकरण की विशेषज्ञ चिकित्सकों के पैनल अथवा मेडिकल बोर्ड से निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
परिवार ने मांग की है कि जांच में यदि स्टाफ नर्स जैतून निशा अथवा अन्य संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों की लापरवाही प्रमाणित होती है तो उनके विरुद्ध कठोर विभागीय एवं विधिक कार्रवाई की जाए। साथ ही अस्पताल की कार्यप्रणाली की जांच कर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
फिलहाल इस मामले में स्वास्थ्य विभाग की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है। अब सबकी निगाहें CMO कार्यालय की ओर हैं कि शिकायत पर जांच कब शुरू होती है और जांच रिपोर्ट के आधार पर क्या कार्रवाई की जाती है। समाचार लिखे जाने तक लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई थी।
मुबारक अली (Mubarak Ali) 'आपन महराजगंज' में तहसील संवाददाता (फरेंदा) के रूप में कार्यरत हैं। यह फरेंदा तहसील क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को प्रमुखता से कवर करते हैं।