Maharajganj News: सिसवा बाजार में दर्दनाक सड़क हादसा, पिकअप की टक्कर से किशोर की मौत, दो गंभीर

    28-Nov-2026   
Total Views |

सिसवा बाजार (महराजगंज)।
नगरपालिका क्षेत्र में महिला अस्पताल के समीप हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक किशोर की मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से हुए इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। मामले में कोठीभार पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, कुशीनगर जिले के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के खजुरी बाजार पोस्ट अंतर्गत सेखुई निवासी सुरेंद्र का पुत्र हिमांशु 11 नवंबर को अपने मौसेरे भाइयों सागर और प्रदीप के साथ मोटरसाइकिल से सबया से सिसवा बाजार कपड़े खरीदने जा रहा था। इसी दौरान महिला अस्पताल के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने गलत दिशा में आकर उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में हिमांशु की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, स्थानीय लोगों की मदद से घायल सागर और प्रदीप को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया।

बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम
हिमांशु की असामयिक मौत से पिता सुरेंद्र और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में मातम पसरा हुआ है। धार्मिक रीति-रिवाज पूरे होने के बाद परिजनों ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।

कोठीभार पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
परिजनों की तहरीर के आधार पर कोठीभार पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1), 125(ए), 125(बी) और 281 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

कोठीभार थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि सड़क दुर्घटना में किशोर की मौत और दो लोगों के घायल होने के मामले में प्राप्त शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

रजाउल अंसारी

रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।