Maharajganj News : अब सरकारी स्कूलों में बनेगा ‘गेमिंग करियर’! अप्रैल से एनीमेशन की पढ़ाई शुरू
16-Feb-2026
Total Views |
महराजगंज। महराजगंज के राजकीय माध्यमिक स्कूलों में अब पढ़ाई का तरीका बदलेगा। राजकीय माध्यमिक स्कूलों में अप्रैल से एनीमेटेड गेमिंग की तकनीकी सिखाई जाएगी।
इसके लिए सभी राजकीय माध्यमिक स्कूलों में आई सिटी लैब स्थापित किए जा रहे है। कक्षा 09 से 12 तक के विद्यार्थी इसका लाभ प्राप्त करेंगे और कॅरिअर चयन में उन्हें सहूलियत बढ़ेगी।
जिले में 29 राजकीय माध्यमिक स्कूल संचालित हैं जिसमें 6500 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। सभी राजकीय माध्यमिक स्कूलों में एनीमेटेड गेमिंग की सीख दी जाएगी। इससे 12 वीं की शिक्षा के बाद रुचि होने पर इस फील्ड में भी उतर सकेंगे।
राजकीय सिंहपुर के प्रधानाध्यापक अनमोल कुमार यादव ने बताया कि आई सिटी लैब में नये शैक्षिक सत्र से एनीमेशन व गेमिंग भी पढ़ाई जाएगी। इससे विद्यार्थियों में न सिर्फ रचनात्मकता का विकास होगा, बल्कि कैरियर के लिए भी यह उपयोगी साबित होगा।
राजकीय माध्यमिक बरवांराजा माध्यमिक के प्रधानाध्यापक सुरेंद्र प्रसाद ने बताया कि आई सिटी लैब से डिजिटल शिक्षा की नींव मजबूत हो रही है। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज धनेवा की प्रधानाचार्य अनामिका पांडेय ने बताया कि आई सिटी लैब की सहूलियत ने अध्ययन को आसान बनाया है।
बच्चे किताबी पाठ्यक्रम के साथ संबंधित विषय की वीडियो, खान एकेडमी व अन्य सहूलियत का लाभ ले रहे इससे शैक्षिक गुणवत्ता में बढ़ोतरी हो रही है।