Maharajganj News : मिर्ची ने बढ़ाई रसोई की ‘जलन’! फरवरी में इतने रुपये किलो पहुंची कीमत
16-Feb-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले फरवरी के महीने में हरी मिर्च के दाम अचानक तीखे हो गए हैं। फुटकर बाजार में हरी मिर्च की बिक्री 35 रुपये पाव की दर से हो रही है। कारोबारी रेट बढ़ने का कारण बाराबंकी व रामपुर से घटी आवक बता रहे हैं। साथ-साथ सहालग के कारण बढ़ी डिमांड भी कीमतों में इजाफे का कारण बताया जा रहा है।
जनपद हरी मिर्च के लिए रामपुर, बाराबंकी, वाराणसी जिलों पर निर्भर है जहां हरी मिर्च का सर्वाधिक रकबा है। बीते दिनों प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश व शीतलहर के कारण इन जनपदों की तैयार फसल प्रभावित हुई तो मंडी में हरी मिर्च की आवक घटने का क्रम शुरू हो गया।
मुख्यालय के सब्जी कारोबारी राजेश मौर्य व असलम ने बताया कि पांच फरवरी के बाद से हरी मिर्च के रेट बढ़ने लगे, क्योंकि मंडी में हरी मिर्च कम पहुंचने का क्रम शुरू हुआ जो अबतक बरकरार है। कम हरी मिर्च पहुंचने के कारण इसके दाम थोक मंडी से ही बढ़ गये जो फुटकर बाजार तक पहुंचते- पहुंचते और महंगे बिक रहे हैं। पिछले सप्ताह तक रेट 20 रुपये पाव था जो इस सप्ताह 140 रुपये किलो तक पहुंच चुका है।
कैटरिंग कारोबारी बारी अमन वर्मा ने बताया कि इन दिनों लग्न की अधिकता के कारण सब्जियों की डिमांड अधिक है। सब्जी रेट बढ़ने के पीछे डिमांड बढ़ना भी कारण हो सकता है।