Maharajganj News : ठंड गई, पर सांस की तकलीफ बरकरार… ट्रॉमा सेंटर में बढ़े बुजुर्ग मरीज

    16-Feb-2026
Total Views |

महराजगंज।
ठंड से राहत मिलने के बावजूद सांस के मरीजों की संख्या में कमी नहीं हो रही है। खासकर बुजुर्ग सांस की बीमारी की चपेट में ज़्यादा आ रहे हैं। इसकी तस्दीक जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचे मरीज कर रहे हैं। सेंटर में 29 मरीज इलाज के लिए पहुंचे थे।

इनमें पांच बुजुर्ग सांस की बीमारी से पीड़ित शामिल रहे। गंभीर पांच मरीजों को मेडिकल कालेज रेफर करना पड़ा। सदर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर बुजुर्ग निवासी बुजुर्ग वंशीधर शर्मा को सांस लेने में परेशानी होने पर परिजन उन्हें लेकर ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। प्राथमिक इलाज के बाद हालत में सुधार नही होने पर उन्हें मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया।


बांसपार बेलहिया निवासी दोस्त मोहम्मद को भी प्राथमिक इलाज के बाद सांस की बीमारी में सुधार नही होने पर मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। घबड़ाहट व उलझन से पीड़ित घुघली क्षेत्र के शीतलपुर निवासी हसीबुन निशा, सदर कोतवाली क्षेत्र के सवरेजी निवासी श्रीराम और भिटौला क्षेत्र के सिसवा बाबू निवासी संजू भर्ती कर इलाज दिया जा रहा है।

ट्रॉमा सेंटर भर्ती तीनों सांस पीड़ितों को ऑक्सीजन पर रखा गया है। ऑक्सीजन देने से उन्हें सांस लेने में परेशानी नहीं हो रही है। डॉक्टर ने बताया कि सांस की परेशानी समाप्त होने तक इन्हें ऑक्सीजन पर रखना पड़ेगा।