UP Politics News : चुनाव से पहले भाजपा का बड़ा मास्टरप्लान! महराजगंज में बूथ सशक्तिकरण का बिगुल

    17-Feb-2026
Total Views |

UP Politics News :
महराजगंज में मंगलवार को भाजपा ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के तहत जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन कर संगठनात्मक मजबूती का सन्देश दिया। पंचायत और विधानसभा चुनावों से पहले आयोजित यह कार्यक्रम भाजपा कार्यालय सभागार में हुआ।

उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर तथा वंदे मातरम् गीत के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा का संगठन ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने पार्टी की विचारधारा का मूल मंत्र अंत्योदय बताया, जिसका अर्थ है समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर पर सक्रिय रहें, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं और जनता से निरंतर संवाद बनाए रखें। चौधरी ने कहा- जो सीखता है वही आगे बढ़ता है, जिस दिन सीखना बंद होगा उसी दिन विकास भी रुक जाएगा।




प्रदेश अध्यक्ष ने प्रशिक्षण महाभियान को संगठन सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि इससे भाजपा बूथ स्तर तक और अधिक संगठित, सक्रिय और प्रभावी बनेगी। यह अभियान कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त, अनुशासित और सेवा भाव से ओत-प्रोत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रशिक्षण के जरिए बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यपद्धति, सरकार की नीतियों और जनसेवा के मूल मंत्र से जोड़ा जा रहा है, जो संगठन के विस्तार और अंत्योदय के लक्ष्य की प्राप्ति में मील का पत्थर सिद्ध होगा।