Maharajganj News : 22 फरवरी को विशेष अभियान: मतदाता सूची में नाम जोड़ने-संशोधन का मौका
21-Feb-2026
Total Views |
महराजगंज। जिला निर्वाचन कार्यालय में एसआईआर को लेकर आयोजित डीएम संतोष कुमार शर्मा ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। एसआईआर के अंतर्गत अब तक की प्रगति से अवगत कराते हुए बताया कि 22 फरवरी को जनपद के समस्त मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा।
इस विशेष अभियान के दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन एवं विलोपन से संबंधित दावों एवं आपत्तियों की सुनवाई संबंधित ईआरओ एवं एईआरओ द्वारा की जाएगी। साथ ही नवीन मतदाताओं का पंजीकरण भी सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को सक्रिय करते हुए अधिक से अधिक नए मतदाताओं का पंजीकरण कराने में सहयोग करें।
जिलाधिकारी ने बताया कि सभी बीएलओ के पास फॉर्म-06 (नाम जोड़ने हेतु), फॉर्म-07 (नाम विलोपन हेतु) एवं फॉर्म-08 (संशोधन) पर्याप्त संख्या में उपलब्ध हैं। राजनीतिक दलों ने अभियान को सफल बनाने को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में डुग्गी मुनादी के माध्यम से विशेष अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए।
इसके अतिरिक्त उपायुक्त, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आशा कार्यकत्रियों के माध्यम से गांवों एवं शहरी वार्डों में अभियान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सीडीओ महेंद्र कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनएन प्रसाद, डीसी एनआरएलएम मो. जाकिर सहित अन्य अधिकारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।