Maharajganj News : होली से पहले महराजगंज में ताबड़तोड़ छापेमारी ! ड्रोन निगरानी में 6 कुंतल लहन नष्ट, एक गिरफ्तार
28-Feb-2026
Total Views |
फैयाज अहमद
नौतनवां। थाना क्षेत्र में आगामी होली पर्व को देखते हुए प्रशासन ने अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कस दिया है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आबकारी, पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने नौतनवां थाना क्षेत्र में सघन सर्च अभियान चलाया।
अभियान के दौरान सेमरहवा और कजरी मुसहर टोला में दबिश दी गई। टीम ने मौके से अवैध कच्ची शराब बरामद की,जबकि लगभग 6 कुन्टल अवैध लहन,शराब बनाने के उपकरण एवं भट्टियों को नष्ट किया गया।
कार्रवाई के दौरान सेमरहवा के बरतनी टोले में एक युवक को अवैध कच्ची शराब बनाते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
संयुक्त अभियान में सीओ अंकुर गौतम,एसडीएम नवीन प्रसाद,थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव,आबकारी हेड कांस्टेबल अनन्त पाण्डेय तथा अड्डा चौकी प्रभारी रामरतन यादव पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।