Maharajganj News : तीसरे दिन भी नहीं मिला प्रेमिका से मिलने गए आदित्य का सुराग ! मोबाइल रिकार्ड्स जांच रही पुलिस
06-Feb-2026
Total Views |
फरेंदा। क्षेत्र के बैकुंठपुर का निवासी 19 वर्षीय एक युवक दो फरवरी को आर्केस्ट्रा देखने निकला था लेकिन तीन दिन बाद भी वह वापस नहीं लौटा है। चर्चा है कि आर्केस्ट्रा देखने के बाद वह प्रेमिका से मिलने गया था। गांव के सिवान में उसकी टोपी और स्वेटर भी मिले हैं। पुलिस उससे जुड़े करीब दस से अधिक लोगों से पूछताछ कर चुकी है लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। परिजन अनहोनी की आशंका को लेकर भयभीत हैं।
युवक के गायब होने को लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। परिजन अपने बेटे की तलाश इधर उधर भटक रहे हैं। बेटे की सलामती के लिए भी प्रार्थना कर रहे है। मामला फरेंदा थाना क्षेत्र के बैकुंठपुर निवासी प्रयाग का आदित्य चौरसिया (19) 2 फरवरी की रात में हरपुर गांव के कटहिया में साथियों के साथ आर्केस्ट्रा देखने गया था।
रात में वह घर के लिए चला लेकिन पहुंचा नहीं। तीन फरवरी को परिजन आदित्य के इंतजार करते रहे लेकिन जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को अनहोनी की आशंका जताने लगी। पुलिस के अनुसार, युवक का बगल के गांव में एक लड़की के साथ संबंध था। चर्चा है कि लौटते समय प्रेमिका से मिलने गया था।
प्रभारी निरीक्षक याेगेंद्र कुमार राय ने बताया कि परिजनों व मोबाइल के कॉल रिकार्ड के अनुसार जांच की जा रही है। साथ उससे जुड़े लोगों से पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। घटना के अनावरण के लिए सर्विलांस की भी मदद ली जा रही है।